ढाका, 15 मई (आईएएनएस)। बांग्लादेश के अधिकारियों ने वैश्विक मुकाबले का सामना न करने पाने वाली 319 कपड़ा फैक्ट्रियों को बंद करने की घोषणा की है।
बांग्लादेश गार्मेट मैन्युफैक्चर्स एंड एक्सपोर्ट्स एसोसिएशन (बीजीएमईए) के अध्यक्ष सिद्दिकुर रहमान ने शनिवार को कहा, “यह चिंता की बात है कि पिछले तीन वर्षो में अलग-अलग वजहों से उत्पादन क्षमता में गिरावट आने पर 618 फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं। अब और 319 फैक्ट्रियां बंद होने जा रही हैं।”
उन्होंने कहा कि कपड़ा उद्योग गैस व बिजली संकट, बैंक ऋण की ऊंची ब्याज दर, अमेरिकी डॉलर के अवमूल्यन और इसके उत्पादों की कीमत में कटौती की चुनौती का सामना करना रहा है।
रहमान ने पिछले वित्त वर्ष की तरह 2016-17 में कपड़ा उद्योग के लिए कर को आधा कर 0.3 फीसदी करने की मांग की है।
उन्होंने सुझाव दिया कि गारमेंट एसेसरीज पर कोई वैल्यू एडेड टैक्स नहीं लगाना चाहिए और अग्निशमन यंत्रों के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति होनी चाहिए, जिससे उद्यमियों को चुनौतियों से निपटने में मदद मिले।
रहमान ने कहा कि कपड़ा उद्योग से बीते पांच वर्षो में निर्यात 10 फीसदी की औसत से बढ़ रहा है।
dharmpath.com dharmpath