तिरुवनंतपुरम, 16 मई (आईएएनएस)। केरल की 14वीं विधानसभा के लिए सोमवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। इस चुनाव के जरिये 140 नए विधायकों का निर्वाचन होगा।
राज्य में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के बीच है।
हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धुआंधार प्रचार अभियान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को भी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
इस चुनाव के लिए केरल में 1,203 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 109 महिलाएं हैं।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार, राज्य में 2,60,19,284 योग्य मतदाता हैं, जिनमें से 1,25,10,589 पुरुष तथा 1,35,08,693 महिलाएं हैं। दो मतदाता तृतीय लिंग के हैं।
राज्य में मतदान के लिए 21,498 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 1,233 संवेदनशील क्षेत्रों में हैं, जबकि 119 नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हैं।
dharmpath.com dharmpath