चेन्नई, 16 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु में राज्य के 234 में से 232 विधानसभा क्षेत्रों में सोमवार को जारी मतदान के पहले चार घंटों में यानी पूर्वाह्न् 11 बजे तक करीब 1.5 करोड़ मतदाताओं ने वोट डाले, जो करीब 5.8 करोड़ योग्य मतदाताओं का 25.2 प्रतिशत है।
यहां मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा।
मतदान शुरू होने के बाद मुख्यमंत्री जे.जयललिता सहित कई अन्य राजनीतिक हस्तियों और फिल्म जगत के लोगों ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
अपना वोट डालने के बाद जयललिता ने कहा, “अगले दो दिनों में जनादेश सामने आ जाएगा।” उन्होंने जीत को लेकर आम तौर पर किया जाना वाला वादा नहीं किया।
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के प्रमुख एम. करुणानिधि, उनके बेटे तथा पार्टी के कोषाध्यक्ष एम.के.स्टालिन, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता तमिलिसै सौंदरराजन ने चेन्नई में वोट डाले, जबकि कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने शिवगंगा जिले में मतदान किया।
करुणानिधि ने अपना वोट डालने के बाद संवाददाताओं से कहा कि राज्य विधानसभा चुनाव में डीएमके-कांग्रेस गठबंधन जीतने और अगली सरकार बनाने जा रहा है।
मदुरै, तिरुचिरापल्ली तथा राज्य के कई अन्य दक्षिणी जिलों में भी बारिश के कारण मतदान की गति धीमी देखी गई।
अधिकारियों ने कहा कि चेन्नई में मतदान तेजी से चल रहा है। यहां फिल्म जगत से सुपरस्टार रजनीकांत, अभिनेता-फिल्मकार कमल हासन, अजीत, सुदंर सी., खुशबू और अन्य ने वोट डाले।
राज्य की 234 में से 232 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहे हैं। दो विधानसभा क्षेत्रों- थंजावुर तथा अरावकुरिची में चुनाव फिलहाल टाल दिया है।
जिन 232 विधानसभा क्षेत्रों में सोमवार को चुनाव हो रहे हैं, वहां 3,728 उम्मीदवार मैदान में हैं।
सत्तारूढ़ ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) राज्य विधानसभा की 227 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि सात सीटें इसने अपने सहयोगियों को दी हैं।
वहीं, डीएमके ने इस चुनाव के लिए कांग्रेस, दो मुस्लिम पार्टियों तथा कुछ अन्य छोटे दलों से गठबंधन किया है।
डीएमडीके के नेतृत्व में तीसरे मोर्चे में माकपा, भाकपा, वीसीके, टीएमसी तथा एमडीएमके शामिल हैं।
पीएमके अकेले चुनाव लड़ रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कुछ छोटे दलों से हाथ मिलाया है।
dharmpath.com dharmpath