बेगूसराय, 16 मई (आईएएनएस)। बिहार के बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र में सोमवार को बदमाशों ने भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के लिए कार्य कर रहे एक निजी कंपनी के कर्मचारी को गोली मारकर 16 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
फुलवरिया के थाना प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि ‘रेडिमेंट कैश मैनेजमेंट सर्विस कंपनी’ का कर्मचारी अरविंद कुमार मिश्रा राजेंद्र मिरचैया चौक स्थित एलआईसी कार्यालय से लगभग 16 लाख रुपये निकालकर एलआईसी ऑफिस के ठीक सामने आईसीआईसीआई बैंक में जमा करने जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए तीन अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी और रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। इस हमले में अरविंद घायल हो गया।
बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक रंजीत कुमार मिश्रा ने बताया कि घायल कर्मचारी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि निजी कंपनी के कर्मचारी प्रतिदिन एलआईसी कार्यालय से पैसा निकालकर बैंक में जमा कराने जाता था।
मिश्रा के अनुसार, पुलिस घटनास्थल पर पहुंच पूरे मामले की जांच कर रही है तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
dharmpath.com dharmpath