नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। दिल्ली नगर निगम के 13 वार्डो में हुए उपचुनावों के नतीजों से मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक तगड़ा झटका लगा। उसे 13 वार्डो में से 10 में हार हाथ लगी।
राजधानी दिल्ली में पहली बार निकाय चुनाव लड़ने वाली सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने पांच वार्डो में जीत दर्ज की। भाजपा केवल दो वार्डो में पकड़ बरकरार रख सकी और एक वार्ड में जीती।
कांग्रेस ने उपचुनाव में पूर्वी दिल्ली नगर निगम (पूर्वी डीएमसी) में खिचड़ीपुर और झिलमिल दोनों वार्डो पर जीत पाई, भाजपा ने उत्तर दिल्ली नगर निगम (उत्तर डीएमसी) में चार में दो वार्डो-शालीमार बाग उत्तर व वजीरपुर में जीत हासिल की।
कांग्रेस कमरुद्दीन नगर से भी जीतने में सफल रही, जबकि आप ने उत्तर डीएमसी के बल्लीमारान वार्ड में जीत दर्ज कराई।
कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक भारद्वाज कमरुद्दीन नगर से सर्वाधिक 7,434 वोटों के अंतर से जीते। उन्हें कुल 15,892 वोट मिले। भाजपा के अनिल सिन्हा उप विजेता रहे, जिन्हें 8,458 वोट मिले।
सबसे कम वोटों के अंतर से जीतने के मामले में दक्षिण डीएमसी का नानकपुरा वार्ड रहा, जहां आप के अनिल मलिक ने भाजपा के नितिन शर्मा को महज 522 वोटों से हराया।
मलिक को 6,566 वोट मिले, जबकि शर्मा को 6,044 वोट मिले।
2013 व 2014 में दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए निगम सदस्यों द्वारा दिए गए इस्तीफे के बाद से दिल्ली में तीनों नगर निकायों के 13 वार्ड रिक्त थे।
dharmpath.com dharmpath