लखनऊ , 18 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में बुधवार पूर्वाह्न् आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियों ने डेढ़ घंटे तक मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के मुताबिक, अकाउंट सेक्शन में आग लगी थी। चौकीदार धर्मेद्र की नजर पड़ी तो उसने और लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने मिलकर आग बुझा दी, लेकिन लोगों के जाते ही आग फिर से सुलग उठी और तेजी से फैल गई।
चौकीदार ने दोबारा धुआं देखकर शोर मचाया और फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। जब तक आग बुझ पाती तब तक वहां रखी फाइलें, कंप्यूटर, एसी, पंखे और कुर्सियों सहित सारा सामान जलकर खाक हो गया।
सूत्रों के अनुसार, आग की वजह से करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज जल गए हैं।
गौरतलब है कि कौशल विकास मिशन केंद्र में आग से बचाव के कोई इंतजाम नहीं हैं। यहां लाखों बेरोजगार युवकों की फाइलें रखी थीं। ये मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि सर्वर में सभी फाइलें सुरक्षित हैं।
dharmpath.com dharmpath