गुवाहाटी, 19 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्वोत्तरी राज्य असम में अपनी पहली सरकार बनाने की स्थिति में नजर आ रही है। ऐसे में राज्य में पार्टी ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार को कहा कि ‘घुसपैठ’ से निपटना और भारत-बांग्लादेश सीमा की सीलबंदी उनकी प्राथमिकता होगी।
सोनोवाल ने ‘एनडीटीवी’ को बताया, “घुसपैठ, भारत-बांग्लादेश सीमा की सीलबंदी, लघु चाय उत्पादकों की समस्याएं, बेरोजगारी जैसी समस्याएं बड़ी चुनौतियां हैं। हम इन समस्याओं से निपटने के लिए मिलकर (सहयोगी दलों के साथ) काम करेंगे।”
बांग्लादेश से घुसपैठ मुद्दे के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “हम घुसपैठ को रोकने के लिए सीमा को सील करेंगे।”
सोनोवाल ने यह भी कहा कि ‘असल’ भारतीय नागरिकों के नामों की एक सूची तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा, “मुख्य लक्ष्य असल भारतीय के हितों की हिजाफत करना है, फिर चाहे वे हिंदू हों या मुस्लिम हों।”
भाजपा की निकटस्थ जीत के बारे में पूछे जाने पर सोनोवाल ने कहा, “असम के लोग कांग्रेस से तंग आ गए हैं। वे सुशासन चाहते हैं और यही वजह है कि उन्होंने भाजपा व गठबंधन को वोट दिया।”
यह पूछे जाने पर कि क्या गठबंधन दुरुस्त तरीके से आगे बढ़ेगा? उन्होंने कहा, “हम जो कुछ भी करेंगे, सभी सहयोगी दलों के साथ विचार-विमर्श करके करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath