नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। विख्यात कथक नृतक बिरजू महाराज ने कहा है कि वह अंग प्रदर्शन की पैरवी करने वाले गीतों की कोरियोग्राफी नहीं कर सकते। उन्होंने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ के ‘मोहे रंग दो लाल’ नामक गीत की कोरियोग्राफ की है।
बिरजू महाराज ने यहां आईएएनएस से कहा, “मेरे गीतों में मुझे अच्छे कपड़े और उम्दा शारीरिक मुद्रा पसंद है। मैं गंदे गीतों को कोरियोग्राफ नहीं कर सकता, जिनमें लोग कम कपड़े पहने हों। लोग हो सकता है कि ऐसा कर सकते हों, लेकिन मैं निश्चित रूप से ऐसे गीत कोरियोग्राफ नहीं कर सकता।”
दुनिया भर में विभिन्न मंचों पर कई बार प्रस्तुति दे चुके राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता बिरजू महाराज ने सत्यजित रे की ‘शतरंज के खिलाड़ी’, माधुरी दीक्षित अभिनीत फिल्म ‘डेढ़ इश्किया’ और संजय लीला भंसाली की ‘देवदास’ जैसी फिल्मों में कोरियोग्राफी कौशल दिखाया है।
dharmpath.com dharmpath