नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने गुरुवार को विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शानदार प्रदर्शन के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता को लेकर दंभ नहीं होना चाहिए।
सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, “मोदी को सत्ता का दंभ नहीं होना चाहिए, क्योंकि भाजपा सिर्फ असम में जीती है। अन्य राज्यों में उसे कुल मिलाकर छह सीटें भी नहीं मिली हैं।”
मोदी ने इससे पहले कहा था कि देशभर के लोगों को भाजपा में विश्वास जता रहे हैं। असम में पार्टी की जीत लगभग तय है। पार्टी ने केरल में पहली बार खाता खोला है और पश्चिम बंगाल में भी दर्जनभर सीटों पर भाजपा बढ़त बनाए हुए है।
यह पूछे जाने पर कि क्या विधानसभा चुनावों में हार की वजह कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी हैं, सुरजेवाला ने कहा कि वह पार्टी के निर्विवाद नेता हैं।
उन्होंने कहा, “राहुल पार्टी के निर्विवाद नेता हैं और वह हमेशा रहेंगे। जहां तक हमारी हार का सवाल है तो यह राजनीति का हिस्सा है। यहां तक कि भाजपा को भी केंद्र में सत्ता में आने के बाद कई चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है।”
सुरजेवाला ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह खत्म कर देना असंभव है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी की विचारधारा भारतीयों की आत्माओं में बसती है और इसे खत्म कर पाना असंभव है।”
dharmpath.com dharmpath