कोलकाता, 19 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल चुनाव में शानदार जीत से उत्साहित तृणमूल कांग्रेस की नेता व राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि विपक्षी दलों के झूठ व निंदा पर आधारित अभियान को लोगों ने नकार दिया है।
ममता ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “लोग ऐसे अभियानों को पसंद नहीं करते। हमारे खिलाफ हर प्रकार का गठबंधन था। लेकिन, लोगों ने अपनी इच्छा जता दी।”
ममता ने कहा, “49 सालों में पहली बार किसी एक पार्टी को इतना भारी जनादेश मिला है।”
ममता ने कहा, “2011 में हमने गठबंधन (कांग्रेस के साथ) किया था और हमें 184 सीटें मिली थीं। इस बार जनता ने हमें और ज्यादा सीटें दी हैं।”
हालांकि, ममता ने अपनी पार्टी का जीत के लिए मार्गदर्शन किया, लेकिन उन्होंने खुद को ‘एलआईपी’ यानी कम महत्वपूर्ण व्यक्ति कहा।
यह पूछे जाने पर कि क्या भारी जीत के बाद वह खुद को बेहद महत्वपूर्ण (वीआईपी) मान रही हैं, ममता ने कहा, “कृपया मुझे कम महत्वपूर्ण व्यक्ति ही मानिए। मैं ‘वीआईपी’ नहीं, ‘एलआईपी’ हूं। मैं एक आम व्यक्ति की तरह ही काम करते रहना चाहती हूं।”
dharmpath.com dharmpath