भारत ने जीता पहला यूरो-एशियन लगोरी चैम्पियनशिप खिताब

अंटाल्या, 20 मई (आईएएनएस)। भारत ने यहां आयोजित पहली यूरो-एशियाई लगोरी चैम्पियनशिप का खिताब जीत लिया है। भारत ने लड़कों और मिश्रित वर्ग का खिताब जीता जबकि तुर्की को लड़कियों के वर्ग का खिताब मिला।

भारतीय एमेच्योर लगोरी महासंघ ने इसकी जानकारी दी।

यूरो-एशियाई लगोरी चैम्पियनशिप का आयोजन दुनिया भर में पारंपरिक खेल लगोरी को बढ़ावा देने के वैश्विक प्रयास का नतीजा है। इसका आयोजन अंतर्राष्ट्रीय लगोरी महासंघ की देखरेख में तुर्की लगोरी महासंघ ने किया।

भारतीय लगोरी महासंघ के सचिव संतोष गुरव भी 13 से 16 मई तक आयोजित इस प्रतियोगिता में शरीक हुए।

लड़कों के वर्ग में भारत ने पहला स्थान हासिल किया जबकि तुर्की को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। साइप्रेस की टीम तीसरे स्थान पर रही।

लड़कियों का खिताब तुर्की ने जीता। पोलैंड दूसरे स्थान पर रहा जबकि नार्वे और यूक्रेन ने तीसरा स्थान हासिल किया।

मिश्रित टीम वर्ग में भारत को पहला स्थान प्राप्त हुआ। तुर्की क टीम दूसरे और नार्वे तथा साइप्रेस तीसरे स्थान पर रहे।

इस साल दिसम्बर में भारतीय लगोरी महासंघ मुम्बई में पहले विश्व कप का आयोजन कर रहा है। इसमें 30 से अधिक देशों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।

गुरव ने बताया कि तुर्की में लगोरी के प्रति लोगों के उत्साह से वह अभिभूत हैं। इसे देखते हुए वह विश्व कप के सफल आयोजन की उम्मीद कर रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493