दुबई से निर्वासित आईएम का वांछित आतंकवादी गिरफ्तार (लीड-1)

नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। दुबई से निर्वासित इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के एक आतंकवादी को शुक्रवार को विमान से यहां पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से अब्दुल वाहिद सिद्दीबापा (32) को हिरासत में ले लिया। उसे आतंकी संगठन के वित्तीय मामलों का सरगना बताया जा रहा है।

कर्नाटक के भटकल में मकदूम कॉलोनी का निवासी सिद्दीबापा, भारत में कई स्थानों पर आतंकवादी हमलों की साजिश में वांछित है।

एक अधिकारी के अनुसार, सिद्दीबापा दुबई में रहकर इंडियन मुजाहिदीन में भारतीयों की नियुक्ति करता था और उनकी गतिविधियों का सारा खर्चा संभालता था।

सिद्दीबापा के खिलाफ गिरफ्तारी का वारेंट और ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी किया गया था। इससे उसके निर्वासन का रास्ता साफ हुआ।

भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच प्रत्यर्पण संधि साल 2000 में की गई थी।

सिद्दीबापा कथित रूप से जुलाई 2006 के मुंबई सीरियल बम धमाके, 2008 के दिल्ली बम धमाके और बेंगलुरु के 2010 के चिन्नास्वामी स्टेडियम धमाके में शामिल था।

भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने उसे संगठन का वित्त संभालने वाला बताया है। वह जेल में बंद इंडियन मुजाहिदीन के प्रमुख यासीन भटकल का रिश्तेदार है।

उस पर आरोप है कि वह बैंकिंग माध्यम से और वेस्टर्न यूनियन मनी ट्रांसफर के माध्यम से पैसों का लेन-देन करता था।

2008 में इंडियन मुजाहिदीन पर कार्रवाई शुरू होने से पहले ही वह दुबई भाग गया था। उसे संयुक्त अरब अमीरात में जनवरी 2014 में गिरफ्तार किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493