शिमला, 21 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में दो सड़क दुर्घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गई है। दोनों हादसों में वाहन खाई में गिर गए।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि किन्नौर जिले में शुक्रवार रात एक निजी वाहन के खाई में गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई।
किन्नौर पुलिस अधीक्षक खुशाल शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि 14 लोग महिंद्रा बोलेरो कैंपर में यात्रा कर रहे थे कि यह निचर तहसील में बड़ा खंबा के पाछ खाई में गिर गई।
उन्होंने कहा कि मृतक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इस हादसे में एकमात्र जीवित बचने वाला शख्स वाहन से कूद गया था।
उन्होंने कहा कि 12 लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई और एक ने अस्पताल जाते वक्त दम तोड़ दिया। वे एक नवविवाहिता को उसकी ससुराल छोड़ कर वापस आ रहे थे। मृतकों में दुल्हन का भाई भी है।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के समय वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे।
उपप्रभागीय मजिस्ट्रेट एम.आर.भारद्वाज ने कहा कि दूसरी दुर्घटना शनिवार को घटी, जिसमें हिमाचल सड़क परिवहन कॉरपोरेशन (एचआरटीसी) की बस शिमला जिले में सड़क से फिसलकर 150 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इसमें नौ लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।
यह बस शिमला से चोपाल के थारोच जा रही थी। मृतकों में बस का चालक और कंडक्टर भी है।
dharmpath.com dharmpath