नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं की परीक्षा में मोंटफोर्ट स्कूल की सुकृति गुप्ता ने सर्वाधिक अंक हासिल किया है। उन्हें 99.4 प्रतिशत अंक हासिल हुए हैं।
सीबीएसई ने अपने सभी क्षेत्रों के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। परीक्षाएं पहली मार्च से 22 अप्रैल के बीच हुई थीं।
विज्ञान की छात्रा सुकृति को भौतिकी और रसायन शास्त्र में पूरे अंक हासिल हुए हैं, जबकि अंग्रेजी, गणित और कंप्यूटर विज्ञान में प्रत्येक में उन्हें 100 में से 99 अंक मिले हैं। कुल मिलाकर उन्हें 500 में से 497 अंक प्राप्त हुए हैं।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र के टैगोर पब्लिक स्कूल की पलक गोयल अखिल भारतीय रैंकिंग में दूसरे स्थान पर रहीं। उन्हें सुकृति से केवल एक अंक कम मिला है। उन्होंने कुल 500 में 496 यानी 99.2 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
हरियाणा में करनाल के सेंट थेरेसा कान्वेंट स्कूल की सौम्या उप्पल और चेन्नई के के.के. नगर के पी.एस.बी.बी. सीनियर सेंकेंडरी स्कूल के अजीश सीकर दोनों को तीसरा स्थान मिला है। दोनों ने 99 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
विकलांग वर्ग के विद्यार्थियों में हरियाणा के फरीदाबाद के डीएवी पब्लिक स्कूल की मुदिता जगोता ने 97 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि यहां आर.के. पुरम के केंद्रीय विद्यालय के सिद्धार्थ विश्वास ने दूसरा स्थान और उत्तर प्रदेश के एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के रक्षित मलिक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
dharmpath.com dharmpath