न्यूयॉर्क, 21 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी राज्य फ्लोरिडा में कम से कम तीन आदमखोर नील घड़ियाल पाए गए हैं, जिनकी लंबाई 18 फुट तथा वजन एक छोटी कार के बराबर हो सकता है। डीएनए जांच से इस बात की पुष्टि हो गई है।
नील घड़ियालों (क्रोकोडायलस निलोटिकस) ने अफ्रीका में साल 2010 से 2014 के बीच कम से कम 480 लोगों पर हमला किया, जिनमें 123 लोगों की मौत हो गई।
फ्लोरिडा में यूनिवर्सिटी ऑफ फ्लोरिडा के वैज्ञानिकों ने डीएनए का विश्लेषण, उनके आहार एवं विकास के अध्ययन के लिए साल 2000 से 2014 के बीच इन आक्रामक मगरमच्छों को पकड़ा था।
फ्लोरिडा म्यूजियम ऑफ नेचुरल हिस्ट्री के हरपेटोलॉजी कलेक्शंस मैनेजर केनेथ क्रिस्को ने कहा कि वैज्ञानिकों ने इस बात की पुष्टि की थी कि ये नील घड़ियाल हैं, जो दक्षिण अफ्रीका में पाए जाते हैं और यह प्रजाति दक्षिण फ्लोरिडा में जिंदा रहने और संख्या बढ़ाने में सक्षम हैं।
क्रिस्को ने उल्लेख किया, “हम जानते हैं कि वे फ्लोरिडा में कई वर्षो से हैं और यहां तेजी से बढ़ सकते हैं। और इस बात में कोई शक नहीं कि यहां फ्लोरिडा में इनमें बदलाव हुआ है।”
शोधकर्ताओं को इस बात का पता नहीं चल पाया है कि ये घड़ियाल आखिर फ्लोरिडा पहुंचे कैसे।
डीएनए विश्लेषण से इस बात का पता चला है कि तीन समान आकार के नील घड़ियाल अनुवांशिक तौर पर समान थे, जिससे स्पष्ट होता है कि उन्हें एक ही स्रोत ने यहां लाया था, लेकिन क्रिस्को ने कहा कि स्रोत की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है।
dharmpath.com dharmpath