कुक, मोदी ने विनिर्माण, खुदरा कारोबार पर चर्चा की (राउंडअप)

नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने देश में एप्पल के उपकरणों के विनिर्माण और खुदरा कारोबार की संभावनाओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शनिवार को विस्तृत चर्चा की।

कुक ने न केवल भारत के लिए एप्पल की भावी योजनाओं को साझा किया, बल्कि भारत में विशाल युवा प्रतिभाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं के पास सार्थक कौशल है, जिसे एप्पल उपयोग करना चाहेगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, क्यूपर्टिनो स्थित दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी के प्रमुख कुक(55) ने मोदी से कहा कि भारत में एप विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने हैदराबाद में स्थापित हो रहे एप्पल के मानचित्र विकास केंद्र के बारे में विस्तार से उल्लेख किया।

बयान में कहा गया है कि कुक ने व्यापार सरलीकरण की दिशा में मोदी की पहलों की सराहना की

मोदी ने कुक को अपनी डिजिटल इंडिया पहल और इसके चिन्हित तीन उद्देश्यों जैसे ई-शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों की आय बढ़ाने के बारे में बताया।

बयान में कहा गया है, “इन लक्ष्यों को पूरा करने में मोदी ने एप्पल से मदद की इच्छा जाहिर की।”

असम विधानसभ चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पहली बार मिली जीत पर प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कुक ने मोदी से कहा कि यहां उनका बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

उन्होंने देश के विभिन्न भागों में हुए अपने दौरे और युवाओं, व्यापारियों, नेताओं और फिल्म अभिनेताओं समेत अन्य लोगों से अपनी मुलाकात के बारे में बताया। खास तौर से उन्होंने मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धविनायक मंदिर के दौरे और क्रिकेट मैच देखने का उल्लेख किया।

मोदी ने उनसे कहा कि भारत में “देखना का अर्थ विश्वास करना है।” उन्होंने कहा कि इन अनुभवों से कुक को देश के लिए व्यावसायिक निर्णय लेने में निश्चित रूप से मदद मिलेगी।

चर्चा के दौरान साइबर सुरक्षा और आंकड़ों के गूढ़लेखन पर भी विचार-विमर्श किए गए। मोदी ने साइबर अपराध की चुनौतियों से निपटने में वैश्विक समुदायों की मदद करने के लिए कुक को प्रोत्साहित किया।

एप्पल के सीईओ ने अक्षय उर्जा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री की पहलों की सराहना की और कहा कि एप्पल का 93 प्रतिशत संचालन अक्षय उर्जा से होता है और शीघ्र ही शत प्रतिशत होने वाला है।

कुक के साथ आए प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने राजस्थान के ग्रामीण इलाकों के दौरे के बारे में बताया, जहां हाल ही में अनेक गांवों का विद्युतीकरण हुआ है और महिलाएं सौर ऊर्जा उपकरणों को जोड़ने और संचालित करने का कौशल हासिल कर रही हैं।

एप्पल के उपाध्यक्ष (पर्यावरण, नीति और सामाजिक पहल) और सीधे कुक को सूचित करने वाली लिसा.पी. जैक्सन ने गत सप्ताह अजमेर जिले में तिलोनिया स्थित गैर लाभकारी संस्थान, ‘द बारफुट कॉलेज’ का दौरा किया था।

उन्होंने ट्वीट कर कहा, “शक्तिशाली : सौर माताओं को देखना और स्कूल में पढ़ाई के लिए आईपैड का इस्तेमाल अद्भुत।”

द बारफुट कॉलेज की स्थापना एक सामाजिक कार्यकर्ता संजीत ‘बुनकर’ रॉय ने की थी, जहां महिलाएं सौर लैंप के पुर्जे जोड़ने और बनाने का काम करती हैं, इसलिए उन्हें ‘सौर माता’ कहा जाता है।

प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान कुक ने ‘नरेंद्र मोदी मोबाइल एप’ का अद्यतन संस्करण भी लांच किया।

बाद में ट्वीट के जरिए दोनों ने एक-दूसरे को धन्यवाद दिए।

मोदी ने एक ट्वीट में कहा, “धन्यवाद टिम कुक! आपके विचार एवं प्रयास हमेशा संपन्न बनाने वाले रहे हैं।”

इस पर कुक ने जवाब दिया, “एक अच्छी मुलाकात के लिए धन्यवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। अगले भारत दौरे की प्रतीक्षा कर रहा हूं। एप पर शुभकामनाएं!”

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में एप की जानकारी देते हुए लिखा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि टिम कुक ने ‘नरेंद्र मोदी मोबाइल एप’ का अद्यतन संस्करण लांच किया। कुक आपका धन्यवाद।”

एक भारतीय टीवी चैनल के साथ साक्षात्कार में शुक्रवार को कुक ने जोर देकर कहा था कि वह भारत की ओर समग्रता के साथ देख रहे हैं और भारत में एप्पल अगले हजार वर्षो तक रहेगी।

बाद में एक कार्यक्रम में कुक की इस टिप्पणी की केंद्रीय दूर संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रशंसा की।

प्रसाद ने कहा, “एक हजार साल तक भारत के प्रति सार्वजनिक रूप से प्रतिबद्धता जाहिर करने के लिए मैं एप्पल के मुख्य कार्यकारी का आदर करता हूं। हम मिलकर काम करने को तैयार हैं।”

कुक ने भारतीय दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल के अध्यक्ष सुनील मित्तल से भी मुलाकात की।

अपने भारत दौरे के दूसरे दिन कुक ने हैदराबाद में मानचित्र विकास केंद्र का उद्घाटन किया और एक महिला कॉलेज का दौरा किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493