यहां शनिवार को जारी एक संदेश में मायावती ने कहा कि मानवतावाद के मसीहा गौतम बुद्ध का शांति, अहिंसा, करुणा और दया का संदेश संपूर्ण मानवता के लिए ऐसी अमूल्य निधि है, जिसकी बदौलत पूरी दुनिया में शांति एवं सद्भाव का वातावरण बनाया जा सकता है।
मायावती ने कहा कि गौतम बुद्ध का इंसानियत व भाईचारे का संदेश आज की परिस्थितियों में और भी ज्यादा न केवल प्रासंगिक हो गया है, बल्कि अपने देश में इसकी काफी जरूरत भी महसूस की जा रही है।
उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध के जन्म व कर्मभूमि वाले देश भारत को सभी प्रकार की संकीर्णता से ऊपर उठकर, इन मामलों में काफी अहम भूमिका निभाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध ने ‘जाति-विहीन समतामूलक समाज’ की स्थापना के लिए अपना सारा जीवन ही नहीं, बल्कि अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया था। आज पूरी दुनिया में उनके मानने वाले लोग हैं।
बसपा प्रमुख ने कहा कि गौतम बुद्ध की त्याग-तपस्या व विचारों को चिरस्थायी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश में बसपा की चार बार बनी सरकार ने कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इनमें ‘बौद्ध परिपथ’, ‘बौद्ध विहार शांति उपवन’, ऐतिहासिक डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल और ‘बौद्ध स्थल’ का निर्माण प्रमुख हैं।
इसके अलावा तथागत गौतम बुद्ध की माता महामाया के नाम पर भी बसपा सरकार ने ऐतिहासिक काम किए गए हैं, जिनमें जन-कल्याण की अत्यंत महत्वाकांक्षी महामाया गरीब आर्थिक मदद योजना, महामाया गरीब बालिका आशीर्वाद योजना व नए महामाया नगर जिले की स्थापना प्रमुख हैं।
dharmpath.com dharmpath