भाजपा का माकपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन

नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रविवार को यहां मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन केरल में कथित तौर पर माकपा कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में किया गया है।

दिल्ली भाजपा के मीडिया समन्वयक प्रवीण शंकर कपूर ने आईएएनएस से कहा, “हमारा विरोध प्रदर्शन केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या और उत्पीड़न के खिलाफ है। हमें बार-बार निशाना बनाया जा रहा है। केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ बढ़ते अपराध तुरंत बंद हो जाने चाहिए।”

भाजपा उपाध्यक्ष श्याम जाजू, सचिव आर.पी. सिंह और पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पंडित पंत मार्ग स्थित दिल्ली भाजपा कार्यालय से पास के माकपा कार्यालय तक एक विरोध जुलूस निकाला।

माकपा कार्यालय के करीब, कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की घेरेबंदी तोड़ दी और माकपा कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने की कोशिश की। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें की और कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

कपूर ने कहा, “हमारा प्रदर्शन शांतिपूर्ण था और हमने पुलिस घेरेबंदी तब तोड़ी, जब हमें रोका गया। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि माकपा कार्यकर्ताओंने प्रदर्शनकारियों पर पत्थर और बोतलें फेंकी।

कपूर ने कहा, “पुलिस को इस मामले की जांच करनी चाहिए। इसके लिए माकपा समर्थकों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493