वारसा, 23 मई (आईएएनएस)। जिग्मुंता सेलेस्टा मेमोरियल टूर्नामेंट में सोमवार को रजत पदक जीतने के बाद भी भारत के भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ओलम्पिक का टिकट हासिल नहीं कर सके।
नीरज ने 79.73 मीटर की दूरी तय की, लेकिन वह पुरुष भालाफेंक में ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने की 83 मीटर की दूरी को नहीं छू पाए। 19 साल के नीरज ने एक और प्रयास में 81 मीटर की दूरी तय की, लेकिन इसे अवैध करार दे दिया गया।
स्थानीय खिलाड़ी ग्रेजेसजुक ने रविवार को 83.50 मीटर की दूरी तय कर स्वर्ण पदक हासिल किया। स्लोवाकिया के जेनुच ने 77.07 मीटर की दूरी तय कर कांस्य पदक हासिल किया।
भारत के एक और भालाफेंक खिलाड़ी विपिन कसाना सातवें स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में 2014 के एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली अन्नु रानी ने 56.76 मीटर की दूरी तय कर रजत पदक हासिल किया, लेकिन उनकी यह दूरी ओलम्पिक क्वालीफाइंग सीमा से छह मीटर कम रही।
dharmpath.com dharmpath