बिहार : बाइक एजेंसी के 2 कर्मियों को गोली मारकर 12 लाख लूटे

मुजफ्फरपुर, 23 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने हथियार के बल पर हीरो मोटरसाइकिल एजेंसी के करीब 12 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। इस दौरान बदमाशों द्वारा की गई गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल एजेंसी के मालिक एक वैन पर सवार होकर 11़64 लाख रुपये लेकर एचडीएफसी बैंक में जमा कराने जा रहे थे। उनके साथ दो अन्य लोग भी थे। इसी दौरान अखाड़ा घाट के पास रास्ते में घात लगाकर बैठे अपराधियों ने हमला बोल दिया और गोलीबारी करते हुए रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने बताया कि बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली से एजेंसी के दो कर्मचारी घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

उल्लेखनीय है कि 27 अप्रैल को शहर के माड़ीपुर इलाके में स्थित एक्सिस बैंक से अपराधियों ने 50 लाख रुपये तथा 18 मई को शहर के गोबरसही स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) से बदमाशों ने दिनदहाड़े करीब 21 लाख रुपये लूट लिए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493