नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। भारत की फुटबाल टीम के मुख्य कोच स्टीफन कांस्टेटाइन ने मंगलवार को कहा कि लाओस के खिलाफ खेले जाने वाले 2019 एशियन कप क्वालीफायर मुकाबले से पहले उनका पूरा ध्यान अभ्यास सत्र में फुटबाल खिलाड़ियों के फिटनेस स्तर की जांच पर है।
भारतीय खिलाड़ियों का 23 सदस्यीय दल 30 मई को दिल्ली से लाओस के लिए रवाना होगा। लाओस के खिलाफ क्वालीफायर मुकाबला 2 जून को खेला जाना है, जिसके बाद भारतीय टीम सात जून को गुवाहाटी में होने वाले मुकाबले के लिए वापसी करेगी।
कांस्टेटाइन ने यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में दिए अपने बयान में कहा, “खिलाड़ी काफी मेहनत कर रहे हैं। हमारे पास तैयारी के लिए कुछ ही दिन बाकी हैं और हम किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं कर सकते।”
फुटबाल कोच ने कहा, “हमारे पास अब थोड़े अधिक दिन हैं, तो इस क्रम में हम शारीरिक क्षेत्र पर अधिक काम कर सकते हैं। खिलाड़ियों के फिटनेस को जांचना मेरा पहला काम है।”
कांस्टेटाइन ने कहा कि देश में खेल विज्ञान की कमी के कारण कोचों के लिए काम और भी मुश्किल हो जाता है।
कोच ने कहा, “सभी भारतीय क्लबों के पास खेल विज्ञान की कमी है, जिसके कारण कोचों और खिलाड़ियों के लिए भी काम और भी मुश्किल हो जाता है। अधिकतर बार राष्ट्रीय शिविर से जाने के आठ-10 दिन बाद खिलाड़ी चोटिल होते हैं।”
उन्होंने कहा, “ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि राष्ट्रीय टीम के साथ खिलाड़ी काफी उच्च स्तर तक प्रशिक्षण लेते हैं, लेकिन जब वह अपने क्लबों में जाते हैं, तो वहीं स्तर नीचे गिर जाता है और इसी समय घायल होने की आशंका नजर आती है।”
कांस्टेटाइन ने कहा, “बेंगलुरु एफसी में खेल और शारीरिक विज्ञान है तथा खिलाड़ी नियमित रूप से जिम जाते हैं। शिविर में आते वक्त, वह काफी अच्छी स्थिति में होते हैं। राष्ट्रीय शिविर में जो भी चीजें हम करते हैं, उससे मुझे हैरानी नहीं होती।”
शिविर में नए चेहरों के बारे में पूछे जाने पर मुख्य कोच ने कहा, “हमारे पास अधिक विकल्प नहीं हैं। जिन खिलाड़ियों में से हमें चुनाव करना था, उनमें से 11 अपने-अपने क्लबों के साथ एएफसी कप प्रतिबद्धिताओं के कारण व्यस्त हैं।”
कोच ने कहा कि इस कारण उन्होंने ऐसे खिलाड़ियों को शामिल करने का फैसला किया, जिन पर वे प्रशिक्षण, प्रतिक्रिया और समझ के मानकों पर नजर बनाए हुए हैं।
कांस्टेटाइन ने कहा, “मोहन बागान में से चुने गए खिलाड़ियों को 25 मई की सुबह शिविर में पहुंचना है, जबकि बेंगलुरु एफसी के खिलाड़ी 28 कई अभ्यास शिविर में शामिल होंगे।”
dharmpath.com dharmpath