बेंगलुरू, 24 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण के पहले क्वलीफायर मैच में मंगलवार को गुजरात लायंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को 159 रनों का लक्ष्य दिया है।
एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम 20 ओवर में 158 रनों पर सिमट गई।
गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने नौ रनों के कुल स्कोर पर ही ब्रेंडन मैक्लम (1), एरॉन फिंच (4) और कप्तान सुरेश रैना (1) के विकेट गंवा दिए थे। इकबाल अब्दुल्ला ने मैक्लम और फिंच को पवेलियन भेजा। वहीं, रैना, वाटसन की शॉर्ट गेंद पर लपके गए।
इसके बाद ड्वायन स्मिथ (73) और दिनेश कार्तिक (26) ने संभल कर खेलते हुए टीम को संकट से उबारा। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 94 तक पहुंचाया। स्मिथ एक छोर पर रन बनाते जा रहे थे तो कार्तिक दूसरे छोर पर संभल कर बल्लेबाजी कर रहे थे।
क्रिस जोर्डन ने कार्तिक को पवेलियन भेज इस साझेदारी को तोड़ा। इस साझेदारी के टूटने के बाद एक बार फिर बेंगलोर के गेंदबाज गुजरात के बल्लेबाजों पर हावी हो गए और लगातार विकेट चटकाने लगे।
रविंद्र जडेजा (3) सस्ते में पेवलियन लौट गए। उनके बाद खतरनाक स्मिथ को चहल ने विराट कोहली के हाथों कैच करा टीम को बड़ी सफलता दिलाई। स्मिथ जब आउट हुए तब टीम का स्कोर 115 रन था। स्मिथ ने अपनी पारी में 41 गेंदों में पांच चौके और छह छक्के लगाए।
इसके बाद आए एकलव्य द्विवेदी ने कुछ बड़े शॉट लगाए। उन्होंने नौ गेंदों में 19 रनों की अहम पारी खेली, जिसमें एक चौका और वाटसन द्वारा फेंके गए 19वें ओवर में दो लगतार छक्के शामिल हैं। अगली ही गेंद पर ड्वायन ब्रावो (8) भी बोल्ड हो गए।
प्रवीण कुमार (1), धवल कुलकर्णी (10) अंतिम ओवर में आउट हुए।
बेंगलोर की तरफ से वाटसन ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। अबदुल्ला और जोर्डन को दो-दो विकेट मिले। चहल एक विकेट लेने में कामयाब रहे। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
dharmpath.com dharmpath