सुरेश प्रभु ने खड़गपुर में चुनाव को प्रभावित किया : कांग्रेस

कोलकाता, 25 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने रेल मंत्री सुरेश प्रभु पर पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव में एक सीट पर चुनाव परिणाम को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। इस सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार ने चुनाव में जीत दर्ज की है।

पश्चिमी मिदनापुर जिले के खड़गपुर (सदर) सीट की ओर इशारा करते हुए बंगाल के पूर्व मंत्री मानस भुइयां ने कहा कि प्रभु ने रेलवे टाउन के दौरे के दौरान मतदाताओं को प्रभावित किया। इस सीट से राज्य भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष विजयी हुए हैं।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भुइयां ने आईएएनएस से कहा, “प्रभु यहां आए और उन्होंने रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, ठेकेदारों व प्रशासन के साथ साठगांठ की।”

घोष ने इस सीट से चुनाव जीतकर सबको चौंका दिया। कांग्रेस उम्मीदवार ज्ञान सिंह सोहनपाल इस सीट से सन् 1982 से ही चुनाव जीतते आ रहे थे।

भुइयां ने सोहनपाल की हार को रेलवे टाउन के लिए दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।

खड़गपुर दक्षिण पूर्व रेलवे का संभागीय मुख्यालय है।

भुइयां ने दावा किया कि समय की कमी राज्य में कांग्रेस-वाम मोर्चा गठबंधन के चुनाव हारने का एक प्रमुख कारण रहा।

उन्होंने कहा कि वाम मोर्चा और कांग्रेस की राजनीतिक विचारधारा एक दूसरे से विपरीत है। लेकिन हमें उतना समय नहीं मिला, जिसमें लोगों को समझा-बुझाकर कर हम एक-दूसरे के मतों को एक-दूसरे की झोली में डाल सकें।

भुइयां ने कहा कि हार के कारणों की पहचान के लिए हमें गहराई से अध्ययन करना होगा।

कांग्रेस नेता ने हालांकि वाम मोर्चे के उस आरोप को खारिज किया, जिसके मुताबिक, पार्टी कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में अपने मतों को वाम मोर्चा के उम्मीदवारों को दिलाने में नाकाम रही।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस का भी वाम मोर्चा पर यही आरोप है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493