नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। देश में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मुहैया कराने के लिए बुधवार को भारत की हेलो हेल्थ सर्विस प्रा. लि. ने ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख स्वास्थ्य शिक्षा प्रदाता हेल्थ कैरियर के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किया। हेलो हेल्थ ग्रामीण क्षेत्रों में उन्नत स्वास्थ्य सेवा और स्वास्थ्य शिक्षा मुहैया कराएगी।
इस समझौते के बाद अब ग्रामीण इलाकों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की नर्सिग और स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण स्थानीय भाषाओं में और नवीनतम उपकरणों के प्रयोग से दिया जाएगा।
इस साझेदारी के बारे में हेल्थ कैरियर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सह प्रबंध निदेशक बीजो कुन्नूमपूरथ ने कहा कि भारत में स्वास्थ्य कर्मचारियों की क्षमता और कौशल में सुधार लाने के लिए उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, “यह साझेदारी भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और हेल्थ कैरियर को हेलो हेल्थ के साथ मिलकर भविष्य के स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित करने को लेकर गर्व है।”
इस बारे में हेलो हेल्थ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुवंजय कुमार शर्मा ने बताया, “भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में नई तकनीकों की समझ रखने वाले उच्च कौशलयुक्त स्वास्थ्यकर्मियों की आवश्यकता है। स्किल इंडिया की सोच को ध्यान में रखते हुए हमें हेल्थ कैरियर जैसे संगठन के साथ साझेदारी कर बेहद खुशी हो रही है। इस समझौते से हम ग्रामीण भारत में स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षण में विश्वस्तरीय मानकों को ला पाएंगे।”
उल्लेखनीय है कि हेलो हेल्थ की स्थापना 2009 में हुई थी। फिलहाल यह 14 शहरों में सेवा मुहैया करा रही है। इसने देश का पहला डिजिटल क्लीनिक खोला है।
dharmpath.com dharmpath