नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी प्लेसमेन्ट सेवाएं प्रदान करने वाली आईडीपी एजुकेशन इंडिया ने पिछले एक महीने के दौरान भारत में अपने तीन नए विद्यार्थी प्लेसमेंट कार्यालयों को लांच किया है।
विशाखापट्टनम, ठाणे और सूरत में तीन नए कार्यालयों के साथ अब देश भर के 19 शहरों में इसके 21 विद्यार्थी प्लेसमेन्ट कार्यालय हैं। इस कार्यालयों में अधिक से अधिक संख्या में विद्यार्थियों को ऑस्ट्रेलिया, यूके, यूएसए, कनाडा और न्यूजीलैंड के संस्थानों के बारे में उत्कृष्ट मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। कंपनी ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है।
इस बारे में आईडीपी एजुकेशन के यूके, दक्षिणी एशिया, उत्तरी अमेरिका के क्षेत्रीय निदेशक हरमीत पटेल ने बताया, “भारत आईडीपी के विश्वस्तरीय पोर्टफोलियो में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और देश में नए कार्यालयों का उद्घाटन इस तथ्य की पुष्टि करता है। भारत में मौजूदा शिक्षा प्रणाली तेजी से विकसित हो रही है और आईडीपी में हम विद्यार्थियों को कैरियर के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करने हेतु प्रयासरत हैं।”
आईडीपी एजुकेशन इण्डिया के कंट्री निदेशक पीयूष कुमार ने कहा, “हम नए कार्यालयों के लॉन्च को लेकर बेहद उत्साहित हैं और उम्मीद करते हैं कि हम उन सभी विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय सेवाएं प्रदान करेंगे, जो विदेश में पढ़ना चाहते हैं। हम उन्हें गुणवत्तापूर्ण अन्तरराष्ट्रीय शिक्षा प्राप्त करने के सपनों को पूरा करने में मदद करेंगे।”
दिल्ली, गुड़गांव, चण्डीगढ़, मुम्बई (चर्च गेट), मुम्बई (अंधेरी), थाने, पुणे, कोलकाता, अहमदाबाद, सूरत, विशाखापट्टनम, बैंगलोर, चेन्नई, हैदराबाद, विजयवाड़ा, कोच्चि, कोयम्बटूर, लुधियाना, जालंधर, वड़ोदरा, अमृतसर में आईडीपी एजुकेशन के प्लेसमेंट कार्यालय हैं।
dharmpath.com dharmpath