सरकार नया उद्यम शुरू करने में युवाओं को प्रोत्साहन देगी : जितेंद्र सिंह

नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के दो साल पूरा होने के अवसर पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार नया उद्यम शुरू करने वाले युवाओं और उद्यमियों को प्रोत्साहन प्रदान करेगी।

युवा मामले विभाग की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय युवा मामले और खेल (स्वतंत्र प्रभार) एवं पूर्वोत्तर विकास मंत्री डॉ.जितेंद्र सिंह ने कहा कि संयोग से उनके पास पूर्वोत्तर क्षेत्र और युवा मामले दोनों का ही प्रभार है, इसलिए वे दोनों मंत्रालयों के मध्य एक-दूसरे के प्रयास को पूरक बनाने के लिए तालमेल स्थापित करने का प्रयास करेंगे, ताकि पूरे देश के युवाओं को पूर्वोत्तर में उद्यमिता स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि चूंकि पूर्वोत्तर क्षेत्र में जैविक उत्पादों की व्यापक गैर-अन्वेषित संभावनाएं मौजूद हैं, इसलिए पूर्वोत्तर विकास मंत्रालय की ओर से इस क्षेत्र में किसी उद्यम की शुरुआत करने वाले युवाओं के लिए ‘उद्यम पूंजी निधि’ स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।

मंत्री ने उल्लेख किया कि 16 जनवरी को स्टार्ट अप इंडिया पहल की शुरुआत के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुछ सर्वाधिक अतुल्य प्रोत्साहनों की घोषणा की थी। इनमें तीन महीने की निकास अवधि का प्रावधान शामिल था, जिस दौरान किसी नौजवान को कार्य जारी रखने या किसी अन्य विकल्प को चुनने का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा, स्टार्ट अप इंडिया कार्यक्रम में प्रारंभिक अवधि के लिए कर में छूट देने का भी प्रावधान है। उन्होंने सुझाव दिया कि युवा मामलों के मंत्रालय को इन सभी प्रावधानों के बारे में युवाओं को जागरूक करने के लिए पूरे देश में जागरूकता शिविरों और कार्यशालाओं का आयोजन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय पूर्वोत्तर क्षेत्र में उद्यम शुरू करने के लिए उद्यम पूंजी निधि उपलब्ध कराएगा। युवा मामले विभाग, नेहरू युवा केंद्र और अन्य युवा केंद्रों जैसे प्रतिष्ठानों के माध्यम से अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि युवा मामलों के विभाग ने भारत में विशिष्ट महत्ता हासिल की है, क्योंकि देश की आबादी का 60 प्रतिशत से भी अधिक हिस्सा 35 वर्ष से कम आयु का है। स्टार्ट अप इंडिया मिशन का नेतृत्व देश के युवा करेंगे, जिन्हें अंतत: भारत को अगले कुछ वर्षो मे विश्व की एक शक्ति में परिवर्तित करना है। इस बैठक में युवा मामले मंत्रालय के सचिव राजीव गुप्ता और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493