मेलबर्न, 27 मई (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया की पुलिस ने शुक्रवार को यहां आतंकवाद विरोधी छापेमारी के दौरान 25 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पुलिस को अंदेशा है कि युवक मध्य-पूर्व में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के साथ मिलकर लड़ने के लिए ऑस्ट्रेलिया छोड़ने की फिराक में था।
युवक को हिरासत में ले लिया गया है। उसे शुक्रवार को मेलबर्न मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया जाना है।
ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह छापेमारी ऑस्ट्रेलिया में किसी आतंकवादी हमले की साजिश के मद्देनजर नहीं की गई, बल्कि इस माह की शुरुआत में पांच लोगों के सीरिया जाने के लिए ऑस्ट्रेलिया छोड़ने की कोशिशों को ध्यान में रखते हुए की गई थी।
मई की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया की पुलिस ने पांच लोगों को देश के उत्तरी तट से गिरफ्तार किया था, जो समुद्र मार्ग से इंडोनेशिया जाने वाले थे और वहां से सीरिया के लिए उड़ान भरने वाले थे। इन पर सितंबर में अदालती कार्यवाही चलेगी।
dharmpath.com dharmpath