पटना में मीडियाकर्मी के अपहरण की कोशिश

पटना, 28 मई (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने एक मीडियाकर्मी के अपहरण की कोशिश की। जब अपराधी अपहरण करने में नाकाम हुए तो पिटाई के बाद उन्हें जख्मी हालत में सड़क पर फेंक कर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, अंग्रेजी अखबार ‘द टेलीग्राफ’ के प्रोडक्शन मैनेजर राकेश कुमार सिंह शुक्रवार देर रात कार्यालय से घर लौट रहे थे। इस बीच शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गाड़ी से जबरन खींच लिया और अपनी गाड़ी में बैठा लिया। बदमाशों ने गाड़ी में प्रबंधक की काफी पिटाई की।

प्रबंधक को गाड़ी से खींचने के तुरंत बाद उनके चालक ने अखबार के कार्यालय और पुलिस को सूचना दी।

आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस घंटों तक घटनास्थल पर नहीं पहुंची।

इस दौरान सूचना पाकर अखबार के कर्मचारी ही बदमाशों की गाड़ी का पीछा करते रहे। गाड़ी को लोगों ने जब राजधानी के डाक बंगला चौराहे पर देखा तो उसे रोकने की कोशिश की। अपहरणकर्ताओं के साथ लोगों की हाथापाई भी हुई, जिसके बाद वे राकेश को सड़क पर फेंककर फरार हो गए।

लेकिन थोड़ी दूर जाकर बदमाशों ने अपनी गाड़ी भी छोड़ दी। लोगों ने गाड़ी को पुलिस के हवाले कर दिया। गाड़ी पर कोई नंबर प्लेट नहीं था।

उधर, पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने शनिवार को बताया कि इस मामले में एक प्राथमिकी शास्त्रीनगर थाना में दर्ज कर ली गई है। उन्होंने दावा कि किया पुलिस जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब सिवान जिले के वरिष्ठ पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या को कुछ ही दिन बीते हैं। इस घटना से पत्रकार बिरादरी में खासा रोष है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493