काबुल, 31 मई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के कुंदुज प्रांत में तालिबान आतंकवादियों ने मंगलवार को तीन बसों को जबरन रुकवा कर उनमें सवार 10 यात्रियों की हत्या दी, जबकि बस ड्राइवरों को छोड़कर 180 से ज्यादा यात्रियों का अपहरण कर लिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने प्रांतीय पुलिस विभाग के एक बयान के हवाले से कहा, “160 से ज्यादा यात्रियों को छुड़ा लिया गया है। 10 की हत्या हो चुकी है, जबकि 18 लोग अभी भी तालिबान के कब्जे में हैं।”
बयान में कहा गया कि घटना अली अबद जिले में घटी। पुलिस व स्थानीय अधिकारियों ने बाकी बचे लोगों की रिहाई की कोशिशें तेज कर दी हैं।
शुरुआती रिपोर्टों में कहा गया था कि तालिबान आतंकवादियों ने 17 लोगों को मौत के घाट उतार दिया है।
इस हमले की जिम्मेदारी तालिबान ने ली है। आतंकवादियों ने मीडिया को बताया कि मारे गए लोग अफगान सुरक्षा बलों के सदस्य हैं।
तालिबान ने देश में अप्रैल की शुरुआत में अपना सालाना हिंसक अभियान शुरू किया, जिसके बाद से ही उसकी हिंसक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
dharmpath.com dharmpath