मनीला, 1 जून (आईएएनएस)। फिलिपींस के निर्वाचित राष्ट्रपति रोड्रिगो डुटर्टे ने देश में काम के दौरान पत्रकारों की हत्या को यह कहते हुए सही ठहराया कि वे अक्सर भ्रष्ट होते हैं। उनके इस विवादास्पद बयान की राष्ट्रीय पत्रकार संघ (एनयूजेपी) ने आलोचना की है।
डुटर्टे ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में अपने नए मंत्रिमंडल का खुलासा करते हुए कहा, “सिर्फ इसलिए कि आप पत्रकार हैं, आप हत्या होने से मुक्त नहीं रह सकते।”
उन्होंने कहा, “अगर आपने कुछ गलत किया है तो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता आपकी मदद नहीं कर सकती।”
सीएनएन टीवी की रपट के मुताबिक 27 मई को मनीला में एक अपराध संवाददाता की हुई हत्या को लेकर प्रेस की आजादी की रक्षा से संबंधित प्रश्न के जवाब में उन्होंने यह टिप्पणी की।
निर्वाचित राष्ट्रपति की टिप्पणी के लिए फिलिपींस के राष्ट्रीय पत्रकार संघ (एनयूजेपी) ने उन्हें आड़े हाथों लिया है।
एनयूजेपी के अध्यक्ष रियान रोसुआरो ने एक बयान जारी कर कहा, “पत्रकारों की हत्या किसी तरह से सही नहीं है।”
फिलिपींस पत्रकारों के लिए सबसे खतरनाक देशों में एक है।
पत्रकारों की रक्षा करने वाली एक समिति ने कहा कि सन् 1992 से फिलिपींस में 77 पत्रकार मारे जा चुके हैं। यह समिति प्रेस की आजादी के लिए एक स्वतंत्र संगठन है।
एनयूजेपी ने कहा कि 1986 से अब तक फिलिपींस में उनके 176 साथी मारे गए हैं।
dharmpath.com dharmpath