काबुल, 1 जून (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने कहा है कि पाकिस्तान को दोनों पड़ोसी देशों के बीच रिश्ते को बढ़ावा देने के लिए हिंसा की जगह दोस्ती एवं भाईचारे का चुनाव करना चाहिए।
करजई ने यह टिप्पणी पाकिस्तानी पत्रकारों के एक दल से मुलाकात के बाद की। यह दल ‘इक्वल एक्सेस’ कार्यक्रम के तहत अफगानिस्तान आया था।
पूर्व राष्ट्रपति ने पाकिस्तान को अपने यहां शरण लेने के लिए मजबूर अफगानिस्तान के लोगों का समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने दोनों देशों की सरकारों के बीच विश्वास बहाली पर बल दिया जो अच्छा संबंध बनाने की कुंजी है।
करजई की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब अफगानिस्तान के अधिकारी लंबे समय से सरकार विरोधी गुटों का समर्थन करने को लेकर पाकिस्तान की आलोचना कर रहे हैं। इन गुटों में अफगानिस्तान में लड़ रहा तालिबान भी शामिल है।
अफगानिस्तान का कहना है कि पाकिस्तान तालिबान और हक्कानी के आतंकियों के नेटवर्क सहित आतंकी गुटों को अपनी धरती को सुरक्षित पनाहगाह के रूप में इस्तेमाल करने की इजाजत देता है। वहीं से वे अफगानिस्तान में हमलों की साजिश रचते हैं।
dharmpath.com dharmpath