मेक्सिको सिटी, 1 जून (आईएएनएस)। मेक्सिको के पूर्वोत्तर शहर तामाउलिपास की संघीय पुलिस ने बुधवार को फुटबाल खिलाड़ी एलेन पुलिडो के अपहरण के मुख्य आरोपी ओस्वाल्दो वेलाजक्वेज को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रीस के फुटबाल क्लब ओलम्पिआकोस के स्ट्राइकर एलेन का मेक्सिको में रविवार को अपहरण कर लिया गया था। वह 2014 में ब्राजील में हुए फुटबाल विश्व कप में मेक्सिको की टीम के सदस्य थे।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, तामाउलिपास के राज्य अभियोजक इस्माइल क्विंतानिला ने बताया कि ओस्वाल्दो (29) फुटबाल खिलाड़ी एलेन की रिश्तेदारी में आने वाली बहन का पति है। वह भी उस पार्टी में शामिल था, जिससे बाहर निकलने के बाद एलेन का अपहरण हुआ था।
बताया जा रहा है कि एलेन (25) ने सोमवार को अपहर्ताओं को अन्यमनस्क पाने पर एक अपहर्ता पर धावा बोलकर उसकी पिस्तौल व मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद उन्होंने फोन मिलाया और पुलिस की मदद से स्वयं को मुक्त कराया।
फुटबाल खिलाड़ी को मुक्त कराने वाली टीम ने एक अपहर्ता डेनियल मोरालेस को गिरफ्तार कर लिया।
अभियोजक इस्माइल के अनुसार, डेनियल से मिले सुराग के बाद ही ओस्वाल्दो को गिरफ्तार किया जा सका।
खुद को घिरा हुआ देख ओस्वाल्दो ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दाएं कंधे पर गोली लगी और गर्दन पर भी चोट लगी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां वह पुलिस की निगरानी में है।
अधिकारियों के अनुसार, ओस्वाल्दो से पूछताछ के बाद यह बात सामने आई कि उसके नशीली दवाओं की तस्करी और स्थानीय निवासियों को डरा-धमका कर धन ऐंठने वाले आपराधिक गिरोह के साथ संबंध हैं।
dharmpath.com dharmpath