बिहार : 12वीं में टॉप करने वालों पर उठे सवाल,जांच का आदेश (लीड-1)

पटना, 1 जून (आईएएनएस)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने 12वीं (इंटरमीडिएट) के विज्ञान और कला संकाय में पांच टॉप करने वालों के परीक्षाफल की जांच के आदेश दिए हैं।

टॉप करने वालों पर उठ रहे सवाल को गंभीरता से लेते हुए समिति ने शीर्ष पांच स्थान में जगह बनाने वाले विद्यार्थियों के साक्षात्कार और उनकी लिखित परीक्षा लेने का फैसला किया है। राज्य के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

चौधरी ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि समिति द्वारा 12वीं टॉप करने वालों के मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि टॉपर्स की कॉपियों में हेराफेरी का खेल विभाग पर कलंक लगाने वाला है। इस मामले में जो भी पदाधिकारी और कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें सेवा से बर्खास्त किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उच्चस्तरीय टीम 10 दिनों में अपनी जांच रिपोर्ट देगी। जांच रिपोर्ट में अगर विद्यालय भी दोषी पाया गया, तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।

इस वर्ष कला संकाय की टॉपर रूबी राय हैं। उन्होंने कुल 500 अंक में से 444 अंक हासिल किए हैं। जब मीडिया के लोगों ने उनसे पूछा कि राजनीति विज्ञान में किस विषय की पढ़ाई होती है, तो रूबी ने खाना बनाना सिखाने की बात कही थी। इसके बाद परीक्षा परिणाम पर सवाल उठाए जाने लगे। इसी तरह, विज्ञान संकाय के टॉपर सौरभ श्रेष्ठ भी कई सामान्य प्रश्नों का जवाब नहीं दे पाए।

शिक्षा क्षेत्र में माफियाओं के वर्चस्व की बात स्वीकारते हुए चौधरी ने कहा कि विभाग क्षेत्र में सक्रिय माफिया गैंग पर भी कड़ी कार्रवाई करने की योजना बना रहा है। कुछ विद्यालयों में दक्षिण भारत के राज्यों के छात्र दाखिला लेते हैं और पास होने की डिग्री लेकर चले जाते हैं।

समिति के अध्यक्ष प्रो़ लालकेश्वर प्रसाद ने आईएएनएस से कहा कि दोनों संकायों के पांच टॉपर को तीन जून को बोर्ड कार्यालय बुलाया गया है। बोर्ड द्वारा गठित समिति इनका साक्षात्कार लेगी। लिखित परीक्षा भी ली जाएगी। इसके बाद समिति बोर्ड नियमों के अनुसार फैसला करेगी।

प्रसाद ने कहा कि कॉपियों में जो लिखा गया था, उसके आधार पर अंक दिए गए हैं। परीक्षा प्रशासन की देखरेख में हुई। कपियों की जांच शिक्षकों ने की है। गड़बड़ी किस स्तर पर हुई है, इसकी जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बोर्ड ने टॉपरों की जो सूची जारी की थी, उसमें पहले ही बता दिया गया था कि यह अस्थाई सूची है और इसमें बदलाव हो सकता है। जांच के बाद पिछले साल भी कई टॉपर बदले गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493