प्रमुख सचिव (धर्मार्थ कार्य) नवनीत सहगल की तरफ से जारी शासनादेश के अनुसार, यह यात्रा आगामी 20 जून से शुरू होगी और 23 जून को इसकी वापसी होगी। यात्रा के लिए इच्छुक यात्री बेवसाइट पर अपना आवेदन सभी सम्बन्धित व वांछित अभिलेखों सहित 10 जून तक अपलोड कर सकते हैं।
शासनादेश के अनुसार, यात्री अपना आवेदन मूल रूप में सभी संबंधित व वांछित अभिलेखों सहित अपने जिले के जिलाधिकारी को भी 10 जून तक उपलब्ध करा सकते हैं।
सहगल ने कहा कि इस यात्रा में तैयार की गई सूची में से यात्रियों का चयन उनकी जन्मतिथि के अनुसार वरिष्ठता के आधार पर तथा पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। ट्रेन में कुल 1044 यात्रियों के लिए बर्थ आरक्षित रहेगी। यह यात्रा आईआरसीटीसी द्वारा सम्पन्न कराई जा रही है। यात्रा के दौरान आईआरसीटीसी द्वारा प्रत्येक यात्री का यात्रा दुर्घटना बीमा कराया जाएगा।
सहगल के अनुसार, विभिन्न जनपदों से लखनऊ तक यात्रियों के आने-जाने के लिए राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा निशुल्क व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा तीर्थयात्रियों को रहने, नाश्ता, चाय, दोपहर का खाना, शाम की चाय एवं रात के खाने की व्यवस्था भी निशुल्क कराई जाएगी। इस यात्रा का लाभ वरिष्ठ नागरिकों को केवल एक बार दिया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath