लखनऊ , 2 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को विभिन्न देशों में कार्यरत भारत के राजदूतों एवं उच्चायुक्तों से मुलाकात के दौरान कहा कि इनकी उत्तर प्रदेश की तीन दिवसीय यात्रा से संबंधित देशों में प्रदेश को आर्थिक रूप से काफी लाभ होगा और विदेशों में उत्तर प्रदेश की ब्रांडिंग करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने इस पहल का स्वागत करते हुए अधिकारियों से उत्तर प्रदेश को एक ब्रांड के रूप में लोकप्रिय बनाने एवं अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने में सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यहां के विकास कार्यो एवं पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने यहां अपने सरकारी आवास पर 9 देशों में कार्यरत भारत के राजदूतों एवं उच्चायुक्तों से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि राज्य से हस्तशिल्प, एग्रो-उत्पाद, चमड़े का सामान, आभूषण आदि के निर्यात के साथ-साथ मेडिकल, धार्मिक, ऐतिहासिक और ईको-टूरिज्म की अपार संभावना पर अधिकारियों के स्तर से सहयोग प्रदान किया जाना चाहिए। इससे राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे पूरे देश को लाभ होगा।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेसवे का काम पूरा हो जाने के बाद प्रदेश की राजधानी लखनऊ देश की राजधानी दिल्ली से सीधे जुड़ जाएगी। देश का अब तक का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे बनाकर राज्य सरकार ने एक उदाहरण पेश किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश, देश का एक मात्र ऐसा राज्य है, जिसके कई नगरों में मेट्रो रेल परियोजनाएं तेजी से संचालित की जा रही हैं। लखनऊ मेट्रो रेल परियोजना को रिकॉर्ड समय में पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।
अखिलेश ने बताया कि प्रदेश के नौजवानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए अब तक करीब 17 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क लैपटॉप वितरित किए गए हैं। इससे नगरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना तकनीक को तेजी से प्रसारित करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान कुछ देशों के राजनयिकों ने भी अपनी बात रखी। ओमान में तैनात राजनयिक इंद्रमणि पांडेय ने बताया कि वहां बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश और विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग निवास करते हैं। यदि यहां के विकास कार्यो और सुविधाओं की जानकारी हिंदी और भोजपुरी में उपलब्ध कराई जाए तो लोगों को काफी सुविधा होगी।
ईरान में तैनात सौरभ कुमार ने कहा कि यहां से बड़ी संख्या में शिया समुदाय के लोग वहां पढ़ने के लिए जाते हैं। इस प्रकार उस देश में यहां के लोगों का सांस्कृतिक संबंध गहराई से कायम है।
उन्होंने कहा कि नए वर्ष के अवसर पर ईरान से बड़ी संख्या में लोग यहां घूमने आते हैं। इस प्रकार पर्यटन की भी काफी संभावना है।
उन्होंने प्रदेश से व्यापारियों का डेलीगेशन ईरान भेजकर निवेश की संभावना तलाशने का आग्रह किया।
dharmpath.com dharmpath