गया 4 जून (आईएएनएस)। बिहार के नक्सल प्रभावित गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के पतलुका जंगल से पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के बिहार प्रभारी समेत तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने कई हथियार भी बरामद किए हैं।
गया की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने शनिवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को पतलुका जंगल से नक्सली संगठन पीएलएफआई के बिहार प्रभारी व जोनल सेक्रेटरी अरुण यादव उर्फ सिंघम को उसके दो सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए नक्सलियों के पास से दो देसी पिस्तौल, तीन गोली, तीन मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई है। गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ बिहार और झारखंड के कई थानों में मामले दर्ज हैं।
मलिक ने बताया कि अरुण यादव झारखंड के चतरा जिले के वशिष्टनगर थाना के कुरीद गांव का निवासी है। इसके साथ चतरा के हंटरगंज थाना क्षेत्र के खुंटी केवाला का संतोष यादव और हंटरगंज थाना क्षेत्र के सेलवार का जितेंद्र यादव उर्फ जितू यादव को भी गिरफ्तार किया गया है।
dharmpath.com dharmpath