अखिलेश उप्र के अब तक के सबसे खराब मुख्यमंत्री : मायावती

लखनऊ, 4 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री व बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर हमला बोला। मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अब तक के सबसे खराब मुख्यमंत्री साबित हुए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शनिवार को यहां सवाददाताओं से यह बात कही।

मायावती ने एक ओर जहां नरेंद्र मोदी सरकार को उद्योगपतियों व धन्ना सेठों की सरकार करार दिया, वहीं राज्य सरकार के बारे में कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के अब तक के सबसे खराब मुख्यमंत्री हैं।

उन्होंने कहा, “भाजपा के अब बुरे दिन दूर नहीं हैं। असम की जीत को भाजपा ऐसे प्रचारित कर रही है, जैसे उसने कोई बहुत बड़ी सफलता हासिल की हो, जबकि भाजपा के लिए दिल्ली से शुरू हुआ हार का सिलसिला बिहार के बाद पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल होते हुए पुडुचेरी तक पहुंच गया है।”

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का दो साल का कार्यकाल उद्योगपतियों व धन्ना सेठों को समर्पित रहा है। आम जनता के लिए इस सरकार ने कोई काम नहीं किया। जबकि इस दौरान उद्योगपतियों का एक लाख 14 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया गया।

मायावती ने कहा कि हालात यह है कि किसान और छोटे कारोबारी कर्ज माफ नहीं होने से परेशान हैं। किसान आत्महत्या कर रहे हैं।

उन्होंने मथुरा कांड के लिए सपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) इस मामले की जांच करे।

मायावती ने कहा कि मुख्यमंत्री को मथुरा जाना चाहिए था, लेकिन वे बुंदेलखंड चले गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493