बीते कुछ वर्षो में फ्रांस आतंकवादी हमलों से दो-चार हुआ है, जिनसे बड़ी संख्या में जानमाल की हानि हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। इसके अलावा लोगों के दिलों में डर घर कर गया, जिससे पर्यटन उद्योग की हवा निकलने लगी है।
वहीं वसंत ऋतु में श्रम सुधार विधेयक को लेकर हिंसक प्रदर्शनों व हड़तालों ने होटलों व पर्यटन प्रमुखों की हालत पतली कर दी है।
राजधानी पेरिस में आई बाढ़ फ्रांस के लिए नई मुसीबत है। सीन नदी शनिवार तड़के उफन कर अपने सबसे ऊपरी स्तर (सामान्य से 6.1 मीटर ऊपर) पर पहुंच गई थी, जो करीब पिछले 35 वर्षो में इसका अब तक का सबसे ऊपरी स्तर था। इसका जलस्तर अब हालांकि धीरे-धीरे घटने लगा है। अधिकारियों ने चेताया है कि नदी को सामान्य होने में 10 दिन लग सकते हैं।
सीन नदी के विपरीत तटों पर स्थित लूव्र व ओर्से संग्रहालय शनिवार को नदी का जलस्तर बढ़ने के चलते बंद रहे। शुक्रवार को संग्रहालय के भूतल से कलाकृतियों व अन्य कीमती सामान को हटाने के लिए संग्रहालयों को एहतियातन आम जनता के लिए बंद रखा गया था।
फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने शुक्रवार को लूव्र संग्रहालय का मुआयना किया, जहां से संभावित खतरे को भांपते हुए 38,000 कलाकृतियों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा दिया गया है।
लूव्र संग्रहालय बुधवार तक बंद रहेगा, जबकि ओर्से की ओर से कहा गया कि यह मंगलवार को दोबारा खुलेगा। दोनों संग्रहालयों में एक साल में करीब 1.25 करोड़ पर्यटक आते हैं।
dharmpath.com dharmpath