फ्लोरिडा, 5 जून (आईएएनएस)। कोपा अमेरिका टूर्नामेंट के ग्रुप-ए में शनिवार को पराग्वे और कोस्टा रिका के बीच हुआ मुकाबला 0-0 से ड्रॉ पर पूरा हुआ।
फ्लोरिडा के ओरलैंडो में कैम्पिंग वर्ल्ड स्टेडियम में हुए मुकाबले के बाद दोनों टीमों के पास एक-एक अंक है, जबकि कोलंबिया के पास तीन अंक हैं।
लेविस स्टेडियम में शुक्रवार को हुए मुकाबले में कोलंबिया ने अमेरिका को 2-0 से मात दी थी।
टूर्नामेंट के ग्रुप-ए में शनिवार को हुए मुकाबले में पराग्वे के पास पहले हॉफ में आगे बढ़ने के अवसर थे, जबकि कोस्टा रिका को अंतिम 15 मिनट में अपने बेहतरीन फार्म में खेलते देखा गया। हालांकि, दोनों टीमों के इतने जद्दोजहद के बाद भी यह मैच 0-0 से ड्रॉ रहा।
टूर्नामेंट के ग्रुप-ए में मंगलवार को कोस्टा रिका और अमेरिका के बीच शिकागो के सोल्जर फील्ड में भिड़ंत होगी। वहीं, पराग्वे का सामना केलिफोर्निया के रोज बोल में कोलंबिया से होगा।
कोपा अमेरिका टूर्नामेंट में शनिवार को ही वाशिंगटन के सेंचुरी लिंक फील्ड में हुए मुकाबले में पेरू ने हैती को 1-0 से मात दी।
मुकाबले के 60वें मिनट में एडिनसन फ्लोरेस की किक से मारी गई बॉल को अपने सिर से लक्षित करते हुए पाउलो गुएरो ने गोल दागा। इस एकमात्र गोल के कारण पेरू को हैती से जीत मिली। पाउलो के यह अंतर्राष्ट्रीय करियर का 27वां गोल था।
इस टूर्नामेंट को दो बार अपने नाम कर चुका पेरू 2011 और 2015 में तीसरे स्थान पर था। वहीं, हैती ने शनिवार के मुकाबले से कोपा अमेरिका में पहली बार कदम रखा है।
टूर्नामेंट के ग्रुप-बी में बुधवार को पेरू और इक्वाडोर के बीच एरिजोना के ग्लेनडेल में भिड़ंत होगी। वहीं, ओरलैंडो में हैती का सामना ब्राजील से होगा।
dharmpath.com dharmpath