इंडोनेशिया ओपन में वेई, ताई की खिताबी जीत

जकार्ता, 5 जून (आईएएनएस)। इंडोनेशिया ओपन में यहां रविवार को दिग्गज मलेशियाई बैडमिंटन खिलाड़ी ली चोंग वेई ने पुरुष एकल वर्ग और चीनी ताइपे की उभरती स्टार खिलाड़ी ताई तजु यिंग ने महिला एकल वर्ग का खिताब अपने नाम किया।

वेई ने डेनमार्क के जैन जोर्गेनसन को एक घंटे 13 मिनट तक चले मुकाबले में 17-21, 21-19, 21-17 से मात देकर अपना छठा टूर्नामेंट खिताब जीता।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, टूर्नामेंट के पांचवें वरीय खिलाड़ी जोर्गेनसन ने कहा कि वह इस हार से काफी निराश हैं, क्योंकि वह इस खिताब को जीत सकते थे अगर दूसरे खेल में मिले अवसरों का फायदा उठाने में सफल होते।

जोर्गेनसन ने कहा, “मैं मुकाबले की शुरुआत से ही काफी मजबूत रूप से खेल रहा था। दूसरे खेल के अंत में मुझे बढ़त का अवसर मिला था, लेकिन मैं इसे हासिल करने में चूक गया। मैं अभी काफी निराश हूं। मुझे लगा था कि यह मुकाबला मेरे हाथ में है और मैं जीत सकता हूं, लेकिन वेई काफी दमदार खिलाड़ी साबित हुए।”

वेई मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में शामिल नहीं हो पाए, क्योंकि उन्हें इस मुकाबले के तुरंत बाद हवाईअड्डे पहुंचना था।

टूर्नामेंट के महिला एकल वर्ग में ताई ने पूर्व विश्व विजेता और चीन की बैडमिंटन खिलाड़ी यिहान वांग को इस्तोरा सेनायान के स्टेडियम में केवल 34 मिनट के भीतर ही 21-17, 21-8 सीधे सटों से मात दी।

पुरुष युगल वर्ग में दक्षिण कोरिया के ली योंग देई और यू येओन सेयोंग ने चीन के चाई बियाओ और होंग वेई की जोड़ी को 13-21, 21-13, 21-16 से हराकर खिताबी जीत हासिल की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493