नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। डेनमार्क के संविधान दिवस के अवसर पर भारत में डेनमार्क के राजदूत पीटर ताकसो-जेनसन ने कहा कि भारत संभावनाओं से भरपूर देश है।
पीटर ने कहा, “भारत काफी संभावनाओं से भरपूर देश है। मुझे खुशी है कि मैं इस महत्वपूर्ण समय में भारत जैसे देश में काम कर रहा हूं।” उन्होंने जी4एस इंडिया के प्रति भी उसके सहयोग के लिए आभार जताया तथा जी4एस इंडिया की सेवाओं तथा कंपनी के सुरक्षाकर्मियों की सराहना की।
राजदूत ताकसो-जेनसन ने डेनमार्क के संविधान दिवस (पांच जून) समारोह में आए मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर जी4एस इंडिया के एमडी अशोक बाजपेयी ने कहा, “बतौर समूह हमें डेनमार्क के संविधान दिवस के आयोजन में भागीदारी करते हुए बेहद गर्व है। मैं इस अवसर पर डेनमार्क के राजदूत को भारत के साथ दीर्घकालिक और सार्थक जुड़ाव के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”
यह समारोह फ्रेडरिक चतुर्थ द्वारा डेनमार्क के संविधान पर हस्ताक्षर करने की वर्षगांठ के सिलसिले में हर साल मनाया जाता है। डेनमार्कवासी इसे स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाते हैं और यह दिन देश की संवैधानिक सत्ता के सम्मान में मनाया जाता है।
ग्रुप जी4एस की शुरुआत डेनमार्क में हुई थी। जी4एस की सेकंडरी स्टॉक लिस्टिंग भी कॉपेनहेगन में है।
dharmpath.com dharmpath