वाशिंगटन, 6 जून (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी की दौड़ में आगे चल रहीं हिलेरी क्लिंटन ने रविवार को पुर्तो रिको प्राइमरी में जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही हिलेरी उस राह पर आ गईं हैं जहां वह मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रपति पद की उम्मीवारी पर दावा कर सकें।
इस मुकाबले में हिलेरी के पास 64 फीसदी और उनके प्रतिद्वंद्वी सीनेटर बर्नी सेंडर्स के पास 34 फीसदी वोट थे।
समाचार संगठन पोलिटिको के अनुसार, अब हिलेरी को मात्र 30 और प्रतिनिधियों की की जरूरत है। इसके बाद उम्मीदवारी हासिल करने के लिए उन्हें 2383 प्रतिनिधि मिल जाएंगे।
हिलेरी राष्ट्रपति पद की दावेदारी का एक ऐतिहासिक मुकाबला जीतने जा रहीं हैं। वह पहली महिला राष्ट्रपति उम्मीदवार होंगी। डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रत्याशी के चयन के लिए अभी मंगलवार को कैलीफोर्निया, न्यूजर्सी, न्यू मैक्सिको, दक्षिण डाकोटो और मोंटाना में मतदान का एक और दौर होने वाला है।
हिलेरी की उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा जुलाई में फिलेडेल्फिया में पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन, डेमोक्रेटिक नेशनल कंवेंशन में की जाएगी।
अभी तक हिलेरी के पास कुल 2354 वोट हैं। इनमें 547 सुपर डेलीगेट और 1807 प्लेज्ड हैं। सैंडर्स के पास 1561 वोट हैं। इनके पास मात्र 46 सुपर डेलीगेट हैं।
सुपर डेलीगेट वे प्रतिनिधि होते हैं जिन्हें कंवेंशन में स्वत: बैठकर यह बताते का अधिकार होता है कि वे किसे उम्मीदवार के रूप में चाहते हैं। इन्हें पार्टी की उम्मीदवारी के लिए बहुमत हासिल नहीं कर पाने की स्थिति में किसे उम्मीदवार बनाना है, यह तय करने का हक होता है।
प्लेज्ड डेलीगेट वे होते हैं जिन्हें राज्य या स्थानीय स्तर पर चुना जाता है और जो डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में अपने पहले से तय उम्मीदवार के पक्ष में अपना मत देते हैं।
दोनों में से किसी भी उम्मीदवार ने पुर्तो रिको में बहुत प्रचार नहीं किया। इसकी जगह दोनों ने कैलीफोर्निया पर अधिक ध्यान दिया क्योंकि वहां 546 डेलीगेट हैं। हिलेरी ने वर्ष 2008 में राष्ट्रपति की दावेदारी के चुनाव में भी यहां से बराक ओबामा पर जबर्दस्त जीत हासिल की थी। इसलिए यहां उनकी जीत की संभावना अधिक है।
हिलेरी की पुर्तो रिको की यह जीत शनिवार को वर्जिन आइलैंड की जीत के बाद मिली है।
dharmpath.com dharmpath