लंदन, 6 जून (आईएएनएस)। भारत के युगल मुकाबलों के विशेषज्ञ टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने सोमवार को पुरुष युगल रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह बना ली। इसके साथ ही उन्हें अगस्त में होने वाले रियो ओलम्पिक का टिकट भी मिल गया है।
बोपन्ना और उनके रोमानिया के जोड़ीदार फ्लोरिन मर्जिया फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे। उन्हें फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में मार्सेलो मेलो और इवान डोगिग के हारने का फायदा मिला है।
एक और भारतीय स्टार लिएंडर पेस को युगल रैंकिंग में पांच स्थान का फायदा हुआ है। वह अब 46वें स्थान पर आ गए हैं।
बोपन्ना अब पेस, पूरव राजा (103), दिविज सरन (114), साकेथ मयनेनी (125), जीवन नेडुचेझियान (134) और महेश भूपति (164) में से अपना युगल साथी चुन सकते हैं।
महिला युगल में भारत की सानिया मिर्जा और उनकी स्विट्जरलैंड की जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस पहले स्थान पर बनी हुई हैं।
पुरुष एकल रैंकिंग में फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने वाले सर्बिया के नोवाक जोकोविच पहले नंबर पर बने हुए हैं। स्पेन के राफेल नडाल को फायदा हुआ है और वह चौथे स्थान पर आ गए हैं।
चोट की वजह से फ्रेंच ओपन में नहीं खेलने वाले स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर तीसरे स्थान पर कायम हैं। स्टान वावरिंका पांचवें स्थान पर आ गए हैं और एंडी मरे दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
महिला एकल में अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने अपना पहला स्थान बरकरार रखा है। पहली बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने वाली स्पेन की गार्बिन मुगुरुजा रैंकिंग में पहली बार दूसरा स्थान हासिल कर पाई हैं।
मुगुरुजा ने शानिवार को फ्रेंच ओपन के फाइनल में सेरेना को 7-5, 6-4 से मात दी थी।
dharmpath.com dharmpath