रियो डी जेनेरियो, 7 जून (आईएएनएस)। फ्रांस के फुटबाल क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन ने अपने सेंटर-बैक मारकिन्हो को इस वर्ष रियो ओलम्पिक की फुटबाल प्रतिस्पर्धा में खेलने की अनुमति दे दी है।
ब्राजील के स्टार खिलाड़ी ने यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, 22 वर्षीय खिलाड़ी वर्तमान में ब्राजील के लिए कोपा अमेरिका के सौवें संस्करण में खेल रहे हैं।
मारकिन्हो ने सोमवार को यह जानकारी दी कि उन्होंने जर्मेन क्लब के अधिकारियों को उन्हें रियो ओलम्पिक में खेलने की अनुमति देने के लिए मना लिया है।
समाचार पत्र ‘फोल्हा दे एस.पाउलो’ के अनुसार, मारकिन्हो ने कहा कि पहले तो क्लब के अधिकारी इस बात के लिए नहीं मान रहे थे, लेकिन उन्होंने इस बारे में उनसे बात की और अब वह ओलम्पिक में खेलने के लिए आजाद हैं।
ओलम्पिक खेलों के आयोजन की तारीख फीफा के आधिकारिक तारीखों से मेल नहीं खा रही। इस कारण क्लब इस बात के लिए बाध्य नहीं हैं कि वे खिलाड़ियों को ओलंपिक में खेलने के लिए अनुमति दें।
बार्सिलोना ने अपने स्टार फारवर्ड खिलाड़ी नेमार को रियो ओलम्पिक में ही खेलने की अनुमति इस तर्ज पर दी कि वह कोपा अमेरिका में हिस्सा नहीं लेंगे।
यही कारण है कि नेमार को तीन जून से अमेरिका में शुरू हुए कोपा अमेरिका टूर्नामेंट में ब्राजील की टीम से खेलते नहीं देखा जा रहा है।
ब्राजील के कई अन्य खिलाड़ियों को रियो डी जेनेरियो नें पांच अगस्त से 21 तक चलने वाले ओलम्पिक खेलों में शामिल होने के लिए अपने-अपने क्लबों से अनुमति मिलनी बाकी है।
नेमार के अलाना ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के कोच डुंगा, चेल्सी के मिडफील्डर विलियन और इंटर मिलान के डिफेंडर मिरांडा को टीम में शामिल कर सकते हैं।
ओलम्पिक फुटबाल टूर्नामेंट एकमात्र ऐसी प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता है, जिसे ब्राजील आज तक नहीं जीत सका है।
dharmpath.com dharmpath