रांची, 7 जून (आईएएनएस)। झारखंड पुलिस नक्सली आतंकवाद से निपटने और तनाव दूर करने में मदद करने के लिए पुलिसकर्मियों के लिए योग कक्षाएं शुरू करने जा रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा, “पुलिसकर्मियों की थकान और तनाव दूर करने के इरादे से ये कक्षाएं शुरू की जा रही हैं, ताकि वे अपना काम बेहतर ढंग से कर सकें।”
योग कार्यक्रम झारखंड सशस्त्र पुलिस (जेएपी), भारतीय रिजर्व बटालियन (आईआरबी), जिला पुलिस, राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (एसआईएसएफ), विशेष कार्य बल (एसटीएफ), झारखंड पुलिस अकादमी और जंगल वारफेयर स्कूल में आयोजित किया जाएगा।
गृह विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “पुलिस मुख्यालय ने पहले से ही योग प्रशिक्षण के लिए उपकरणों और अन्य सामग्री खरीदने के लिए 1.44 करोड़ रुपये का आवंटन किया है।”
योग कक्षाएं 21 जून, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से शुरू होने की संभावना है।
योग कक्षा के लिए प्रशिक्षक अनुबंध के आधार पर रखे जाएंगे।
अधिकारी ने बताया कि पूरी तरह से प्रमाणित योग शिक्षक को 27,000 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे और कम योग्यता वाले को 13,500 रुपये दिए जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath