हवाना, 8 जून (आईएएनएस)। क्यूबा और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच यहां हवाना में मानवाधिकारों पर दूसरे दौर की वार्ता हुई।
क्यूबा के विदेश मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी बयान के मुताबिक, बातचीत यूरोपीय संघ के मानवाधिकारों पर विशेष दूत स्टावरोस लाम्ब्रिनिदिस और क्यूबा के विदेश मंत्रालय में बहुपक्षीय मामलें के महानिदेशक प्रेडो नुनेज के बीच हुई।
बयान के मुताबिक, “बातचीत दोनों पक्षों के बीच सम्मानजनक और रचनात्मक माहौल में हुई, जिसमें मानवाधिकारों सहित नागरिक, सामाजिक, राजनीति, आर्थिक, सांस्कृतिक अधिकारों पर भी चर्चा की गई।”
बयान में यह भी कहा गया है, “हालांकि दोनों पक्षों के बीच विभिन्न मुद्दों पर गहरे मतभेद हैं, लेकिन राजनीतिक इच्छाशक्ति दोनों पक्षों की स्वतंत्रता व संप्रभुता को ध्यान में रखते हुए किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।”
क्यूबा के प्रतिनिधिमंडल ने इस मुद्दे पर वार्ता आगे भी जारी रखने की इच्छा जताई है, ताकि मानवाधिकारों के मुद्दे पर इसके साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जा सके।
क्यूबा और यूरोपीय संघ के बीच मानवाधिकारों पर पहले दौर की वार्ता बेल्जिम की राजधानी ब्रसेल्स में जून 2015 में हुई थी।
dharmpath.com dharmpath