आस्ट्रेलियन ओपन के अगले दौर में सायना व श्रीकांत, सिंधू बाहर

सिडनी, 8 जून (आईएएनएस)। भारत की स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल और पुरुष खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत ने बुधवार को आस्ट्रेलियन ओपन में अपने-अपने मुकाबले जीत कर अगले दौर में जगह बना ली। वहीं, एक और भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधू हार कर इस टूर्नामेंट से बाहर हो गईं हैं।

पुरुषों में श्रीकांत के अलावा समीर वर्मा भी अगले दौर में पहुंच गए हैं, लेकिन क्वालीफाई कर मुख्य दौर में पहुंचे आर.एम. वी. गुरुसाईदत्त पहले दौर में हार कर बाहर हो गए हैं।

सातवीं वरीय सायना ने महिला एकल में स्थानीय खिलाड़ी जॉय लाई को 29 मिनट तक चले मुकाबले में 21-10, 21-14 से मात दी। सायना ने 2014 में इस खिताब को अपने नाम किया था। विश्व की नंबर-8 खिलाड़ी सायना को अगले दौर में मलेशिया की जिन वेई गोह से भिड़ना है।

भारत की एक और महिला खिलाड़ी सिंधू पहले दौर में ही हार कर बाहर हो गईं। विश्व की नंबर-10 सिंधू को विश्व की नंबर-40 खिलाड़ी दक्षिण कोरिया की किम हो मिन ने 55 मिनट तक चुले मुकाबले में 15-21, 19-21 से हराया।

युवा तनवी लाड ने अपने मैच में पहला गेम हार कर वापसी करते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया। उन्होंने आस्ट्रेलिया की टिफनी हो को 18-21, 21-14, 21-11 से मात देकर अगले दौर में जगह बनाई। अगले दौर में वह यिहान वांग से भिड़ेंगी।

महिला एकल के अन्य मुकाबले में चीन की ली जुरुई, थाईलैंड की राचानोक इटानोन और चीनी ताइपे की ताई जु यिंग ने भी अपने-अपने मुकाबले जीत दूसरे दौर में जगह बनाई।

पुरुष एकल में विश्व के नंबर-12 खिलाड़ी श्रीकांत ने 32 मिनट तक चले मुकाबले में विश्व के नंबर-11 खिलाड़ी हांगकांग के लोंह एंगस को 21-16, 21-12 से मात दी।

समीर वर्मा को अपना मुकाबला जीतने के लिए संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने इंडोनेशिया के अहसान मौलाना मुस्तफा को 53 मिनट तक चले मुकाबले में 22-20, 15-21 21-15 से मात दी।

अगले दौर में श्रीकांत का सामना इंडोनेशिया के ड्वी कुकोरो से होगा। वहीं, वर्मा अपने अगले मुकाबले में एंथोनी सिनिसुका गिंटिंग से भिड़ेंगे।

क्वालीफाइंग दौर में जीत कर मुख्य ड्ऱॉ में जगह बनाने वाले गुरुसाईदत्त अपना मुकाबला हार गए। उन्हें विश्व के नंबर-14 हांगकांग के हु युन ने 19-21, 21-12, 15-2 से हराया।

विश्व के नंबर-1 खिलाड़ी चेन लोंग ने अपने पहले मुकाबले में हुएईडोंग टांग को 20 मिनट तक चले मुकाबले में 21-3, 21-4 से मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया।

पुरुष युगल में भारत के नितिन गर्ग और एम.अनिलकुमार राजू को मलेशिया के वी.शेम गोह व वेई किओंग टान ने 12-21, 10-21 से हराया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493