मेसी का ध्यान पनामा के खिलाफ होने वाले मैच पर

ब्यूनस आयर्स, 9 जून (आईएएनएस)। चिली के खिलाफ कोपा अमेरिका के 100वें संस्करण के पहले मैच में जीत हासिल करने वाली अर्जेंटीना के समर्थक चाहते हैं कि टीम के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी शुक्रवार को पनामा के खिलाफ होने वाले मैच में खेलें।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, अर्जेटीना बुधवार को शिकागो पहुंची, जहां उसे पनामा के खिलाफ अपना अगला मैच खेलना है।

अगर अर्जेटीना शुक्रवार को होने वाले मैच में जीत हासिल कर लेती है तो वह क्वार्टर फाइनल में जगह बना लेगी।

अर्जेंटीना की मीडिया की खबरों के अनुसार मेसी अभ्यास कर रहे हैं, लेकिन वह अभी भी पीठ की चोट से उबर रहे हैं इसलिए वह कुछ खास मेहनत नहीं कर पा रहे हैं। बावजूद इसके उनके ग्रुप डी के अगले मैच में खेलने की संभावना है।

मेसी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा, “चिली के खिलाफ मिली जीत टीम के लिए बड़ी सफलता है। किसी भी टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ करना बेहद जरूरी होता है। मुझे उम्मीद है कि मैं जल्द से जल्द टीम की मदद के लिए तैयार हो जाऊंगा।”

टीम के कोच गेराडरे मार्टिनो को मेसी के अगले मैच में खेलने की उम्मीद है। वह उन्हें बोलीविया के खिलाफ होने वाले मैच में आराम दे सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493