अमूल ने ‘उड़ता पंजाब’ को ‘लड़ता पहलाज’ बना उड़ाया मखौल

मुंबई, 9 जून (आईएएनएस)। देश की प्रासंगिक घटनाओं पर समय-समय पर विशाल पोस्टर विज्ञापनों से गुदगुदाने वाले भारतीय डेयरी ब्रांड अमूल को-ऑपरेटिव लिमिटेड ने अब ‘उड़ता पंजाब’ के निर्माताओं और सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष पहलाज निहलानी के बीच चल रही खींचतान पर व्यंग्य करते हुए ध्यान खींचा है।

अमूल को-ऑपरेटिव लिमिटेड ने ‘उड़ता पंजाब’ की सेंसरशिप से संबंधित विवाद पर एक विशेष पोस्टर विज्ञापन निकाला है।

‘उड़ता पंजाब’ केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष निहलानी द्वारा इसमें 89 कट लगाने का फरमान सुनाने के बाद से सुर्खियों में है। निहलानी ने फिल्म के निर्माताओं से इसमें कट लगाने को कहा है, जिनमें से एक अनुराग कश्यप भी हैं।

अमूल ने अपने नए पोस्टर विज्ञापन में ‘टॉमी सिंह’ (फिल्म में शाहिद कपूर का किरदार), एक डॉक्टर (करीना कपूर), एक पुलिसकर्मी (दिलजीत दोसांझ) और अमूल गर्ल पर आधारित कार्टून दिखाया है।

ये सभी कार्टून किरदार विज्ञापन में मौजूद एक बड़ी सी कैंची को देख उलझे नजर आ रहे हैं। यह कैंची यकीनन फिल्म से कुछ दृश्य काटने की मांग करने वाले सेंसर बोर्ड का सांकेतिक रूप है।

विज्ञापन पर अंग्रेजी में बड़े अक्षरों में ‘लड़ता पहलाज’ लिखा है।

अभिषेक चौबे निर्देशित ‘उड़ता पंजाब’ 17 जून को रिलीज होनी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493