तिरुवनंतपुरम, 9 जून (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा है कि ओमान चांडी की पिछली सरकार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से निपटने में उनकी सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम नहीं करेगी।
केरल की राजधानी में गुरुवार को संवाददाताओं से विजयन ने कहा, “कानून अपना काम करेगा और प्रतिशोध की भावना से कुछ नहीं किया जाएगा।”
विधानसभा चुनाव से पहले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) ने वादा किया था कि यदि वह सत्ता में आया तो ओमान चांडी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ आरोपों को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के लिए एलडीएफ हर संभव प्रयास करेगा।
विजयन ने कहा, “लोगों के जनादेश का आदर किया जाएगा और हम न्यायोचित ढंग से सरकार का संचालन करेंगे।”
राज्य की वित्तीय स्थिति की ओर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की माली हालत अच्छी नहीं है और इसमें सुधार के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर के भारतीय स्टेट बैंक में विलय के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एक बैंक की स्थापना में लगी है, जो राज्य का अपना बैंक होगा।
उन्होंने कहा, “स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर को केरल का अपना बैंक माना जाता रहा है, लेकिन इसका विलय भारतीय स्टेट बैंक में किया जा रहा है। हम एक अन्य बैंक की स्थापना में लगे हैं, जो राज्य का अपना बैंक होगा। हम सहकारिता बैंको के तीनों स्तरों को खत्म करे देंगे और उसे एक इकाई में तब्दील कर देंगे।”
मुल्लापेरियार बांध के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इसकी सुरक्षा के आकलन पर जोर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “इसकी सुरक्षा के आकलन के लिए हमें अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों के एक दल को बुलाना चाहिए।”
विजयन ने कहा कि पुलिस को लोगों के अनुकूल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सत्र शुरू होने पर उनकी सरकार राज्य में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर फैसला लेगी।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता वी.एस.अच्युतानंदन पर एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें कोई पद दिया जाएगा या नहीं, इस पर कोई फैसला नहीं लिया गया है।
dharmpath.com dharmpath